सबक सिखाना है
************
मम्मी! एक जहाज मँगवा दो
मुझे सूरज के पास जाना है।
क्यों करते हरदम वह मनमानी
उनसे पूछकर लौट आना है ।
गरमी में आग उगलकर सबको
पसीना- पसीना कर जाते हैं ।
खेल कूद पर बंदिश लगवाकर
हम बच्चों को सिर्फ सताते है।
शीतलहर से जब काँपते लोग
तब लुका-छिपी खेल दिखाते है ।
घना कोहरा देख चारों ओर
बादलों में छिप मुसकराते हैं।
क्यों करते वह ऐसी बदमाशी
सुनना नहीं कोई बहाना है ।
शरारती सूरज दादा को तो
कान पकड़कर सबक सिखाना है ।
-कल्याणमय आनंद
(दैनिक अजीत समाचार 23 अप्रैल,2023)
(साहित्य त्रिवेणी सितम्बर,2022)








