प्रेरक बाल कहानी
प्रतिदिन परोपकार
कक्षा आठ के वर्ग
शिक्षक भास्कर सर इधर कुछ दिनों से परेशान थे। परेशानी का कारण उनकी कक्षा के कुछ शरारती छात्र थे। ऐसा नहीं था कि उनकी
शरारतें बढ़ गयी थी।
बल्कि वे सभी चामत्कारिक
रूप से सुधर गये थे।
उनमें यह सुधार कैसे
हुआ, इसका कोई प्रत्यक्ष
कारण उन्हें दिखाई नहीं पड़ता था।
पहले उन्होंने सोचा कि हो सकता है विद्यालय के ही
किसी शिक्षक ने कुछ ऐसी बातें कही होगी,जो इन शरारती बच्चों के दिल पर लग गयी हो। जिसके परिणामस्वरूप
इन सब ने शरारत न करने का निश्चय कर लिया । लेकिन उन्होंने जब विद्यालय के अन्य शिक्षकों से इस
संबंध में बात की,
तो उन सबने कहा कि
हाल-फिलहाल में ऐसी कोई
बात उनलोगों के द्वारा बच्चों को नहीं कही गयी है। फिर उन्होंने सोचा कि हो सकता है विद्यालय के बाहर
कुछ ऐसा किसी ने कहा अथवा घटित हुआ हो,जिसके कारण विद्यालय के शरारती बच्चों के व्यवहार
में परिवर्तन आ गया।
इस मामले को लेकर भास्कर सर की उलझन बढ़ती जा रही
थी। उन्हें यह समझ में नहीं आ रहा था कि अधिक शरारती हो या कम, सभी बच्चों का व्यवहार
शिष्ट और शालीन कैसे हो गया। सभी पढ़ाई में भी
अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें ऐसा प्रतीत होता था कि इतनी बड़ी संख्या में
बच्चों के व्यवहार में परिवर्तन का कारण विद्यालय के बाहर नहीं हो सकता। हो न हो इसका कारण
विद्यालय के अंदर ही है।
एक दिन इसका कारण जानने के उद्देश्य से उन्होंने कक्षा
में बच्चों से पूछा,"क्या बात है आजकल
कोई बच्चा शरारत नहीं करता ? इन दिनों किसी की शिकायत भी नहीं आती?" उनकी बात को सुन
बच्चे मुस्करा कर रह गये । वे थोड़ी देर प्रतीक्षा करते रहे कि शायद कोई बच्चा
कुछ ऐसा कहेगा जिससे इस परिवर्तन का पटाक्षेप हो जायेगा। जब किसी बच्चे ने कुछ नहीं कहा,तो शरारती बच्चों
के लीडर विप्लव की ओर मुखातिब होते हुए बोले, " क्यों विप्लव ! अब शरारत करने का मन नहीं करता?" विप्लव ने कोई उत्तर
नहीं दिया।
उसके साथियों ने
भी कुछ नहीं कहा।
भास्कर सर को लगा
कि शायद कोई ऐसा राज है, जो बच्चे उनके सामने नहीं खोलना चाहते। उस दिन उन्होंने
इस प्रसंग को यहीं छोड़ दिया और बच्चों को पढ़ाकर चले आये।
अब उन्होंने इस रहस्यमयी परिवर्तन के उद्भेदन के लिए
एक नया तरीका अपनाया।
बच्चे अक्सर कार्यालय
में उनसे पढ़ाई एवं अन्य कार्यवश मिलने आते थे। जैसे ही कक्षा आठ का कोई छात्र उनसे कार्यालय में
मिलने आता,
वे उससे कुछ अधिक
देर तक बातें करते।
बातचीत के क्रम में
वे शरारती बच्चों के सुधरने का कारण टटोलने का प्रयास करते। लेकिन काफी दिनों
तक इस तरह के प्रयास करने के बावजूद वे कुछ भी पता नहीं लगा पाये। थक-हारकर उन्होंने मन
ही मन स्वयं को सांत्वना दी,"कारण चाहे जो भी हो, शरारती बच्चों का सुधरना उनके भविष्य के लिए अच्छा
है।" उन्हें अब लगने लगा
था कि वे इसका कारण नहीं जान पायेंगे। इसलिए उन्होंने इस दिशा में प्रयास करना भी छोड़ दिया
था। धीरे-धीरे इन सब बातों
को भूलकर वे सामान्य दिनों की भाँति विद्यालय के पठन-पाठन कार्य में व्यस्त हो गये।
भास्कर सर रचनात्मक सोच के शिक्षक थे। वे बच्चों की पढ़ाई
के अतिरिक्त उनके व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देते थे। एक दिन उन्होंने सोचा-"बच्चे विद्यालय में तो अनुशासित ढंग से पढ़ाई करते हैं। लेकिन कहीं ऐसा तो
नहीं घर पर व्यर्थ की चीजों में अपना समय नष्ट करते हैं। घर एवं समाज में उनका व्यवहार शिष्ट और शालीन है या
नहीं
? " यह
सब जानने के उद्देश्य से उन्होंने सभी बच्चों को अपनी दिनचर्या लिखने को कहा। सभी बच्चों ने प्रसन्नतापूर्वक
अपनी दिनचर्या लिखकर भास्कर सर को दिखाया। भास्कर सर ने सभी बच्चों की काॅपी जाँचकर लौटा दिया।
सहसा उन्हें ध्यान आया कि सभी बच्चों की दिनचर्या
में एक समानता थी।
सभी बच्चों ने कोई
न कोई परोपकार का कार्य अवश्य किया था। प्रांजल ने गाय को रोटी और उत्कर्ष ने एक आवारा कुत्ते
को बिस्कुट खिलाने की बात लिखी थी। वैभव ने एक बुढ़ी दादी अम्मा को सड़क पार करवाने का
जिक्र किया था।
जबकि प्रत्यय ने
अपनी दिनचर्या में प्लास्टिक चुनने वाले एक बच्चे को टाॅफी खिलाने तथा उसे विद्यालय
जाने के लिए कहने की चर्चा की थी। क्योंकि पढ़-लिखकर ही वह अपनी तथा अपने परिवार की सहायता कर सकता है।
भास्कर सर सोचने लगे-"बच्चे शरारत छोड़ परोपकार का कार्य करने लगे। आखिर इनमें इतना
बड़ा परिवर्तन कैसे आया ?" उन्होंने बच्चों से कहा, "तुमलोगों की दिनचर्या बहुत अच्छी है। लेकिन सभी की दिनचर्या
में एक समानता है।
" इतना
सुनते ही सभी बच्चे बोलने लगे," सर ! हमने किसी की नकल नहीं की। हमारी जो दिनचर्या
है,उसे ही लिखा है।" भास्कर सर ने बच्चों
को शांत कराकर कहा,
"मेरे कहने का आशय
यह नहीं था कि तुमलोगों ने एक-दूसरे की नकल की है। सभी की दिनचर्या में कोई न कोई अच्छा और परोपकार का
कार्य शामिल है।
यह बहुत ही अच्छी
बात है।
" अपने
वर्ग शिक्षक के मुख से प्रशंसा के शब्द सुनकर बच्चे बहुत खुश हुए।
"अब मुझे यह बताओ
कि यह परोपकार का काम कब से कर रहे हो ?" भास्कर सर ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा।
"पिछले महीने से।" सभी बच्चों ने एक
स्वर में कहा।
"सभी बच्चे पिछले
महीने से?"
भास्कर सर ने आश्चर्यपूर्वक
पूछा।
"हाँ। " बच्चों का जवाब था।
"पिछले महीने से ही
क्यों?"
भास्कर सर ने पुनः पूछा।
" क्योंकि
मेरे जन्मदिन के अवसर पर सभी बच्चों ने मेरे पापा के समक्ष प्रण लिया था कि प्रतिदिन
कोई न कोई परोपकार का कार्य अवश्य करेंगे।" अनिमेष ने कहा।
"यह तो बहुत अच्छी
बात है।
लेकिन यह स्थिति
आयी कैसे?"
भास्कर सर ने उत्सुकतावश
पूछा।
"दरअसल
उस दिन पार्टी खत्म होने के बाद पापा ने सभी बच्चों को अपने संघर्ष के बारे में बताया। जीवन के आरंभिक संघर्ष
के दिनों में किसी ने भी उनकी सहायता नहीं की थी। इसलिए उन्हें जब भी अवसर मिलता है, वे लोगों की सहायता
कर उनके जीवन की कठिनाई को कम करने का प्रयास करते हैं।अतएव हमलोगों को भी प्रतिदिन परोपकार का कोई न कोई
कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।"अनिमेष ने कहा।
इसके बाद प्राची ने उस दिन की घटना को विस्तार से
बताना शुरू किया,
“अंकल ने यह भी कहा
कि ऐसा कभी मत सोचना कि परोपकार का कार्य करने के लिए रुपये-पैसे का होना आवश्यक
है। विद्यालय न जाने
वाले पड़ोस के किसी बच्चे को खाली समय में पढ़ाकर या उसे विद्यालय जाने के लिए प्रेरित
कर सहायता कर सकते हो।
किसी वृद्ध या अपाहिज
को सड़क पार करने में मदद कर उसके चेहरे पर खुशी लायी जा सकती है। दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति
का प्राथमिक उपचार कर या एम्बुलेंस बुलाकर उसकी जान बचा सकते हो। किसी आवारा पशु को
कुछ खिलाकर भी परोपकार का कार्य किया जा सकता है। जिस तरह प्रतिदिन पढ़ाई के समय में पढ़ाई करते हो , खेल के समय में खेलते
हो, उसी तरह खाली समय
में परोपकार का कार्य करना चाहिए। इसके बाद हम सभी बच्चों ने प्रतिदिन परोपकार का कार्य
करने का संकल्प लिया।
हमारे संकल्प सुनकर
अंकल बहुत खुश हुए।
उन्होंने सभी बच्चों
को शाबाशी दी।"
भास्कर सर को बच्चों के शरारत न करने के कारण का पता
चल गया था।
उन्होंने कहा," मैं दावे के साथ
कह सकता हूँ कि यह तुमलोगों की यादगार पार्टी रही होगी। लेकिन क्या किसी को पता है कि शरारती बच्चों की शरारत
कैसे छूट गयी
?"
"नहीं। " कहकर बच्चों ने अनभिज्ञता
व्यक्त की।
"बच्चो ! दूसरों की सहायता
का प्रतिफल हमें किसी न किसी रूप में अवश्य मिलता है। अच्छे काम करने से हमारे व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन होता है। इससे न केवल हमारी
कार्य-क्षमता बढ़ जाती
है बल्कि हम जीवन के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने लग जाते हैं। कुछ बच्चों के शरारत
की शिकायतें पहले आती थी,अब नहीं आती। वे पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यह उनके द्वारा अच्छा
या परोपकारी काम करने का संकल्प लेने के कारण संभव हुआ है। " भास्कर सर ने समझाते हुए कहा। उनकी बातों का बच्चों
ने भी समर्थन किया। कार्यालय आकर उन्होंने जब प्रिंसिपल को सारी
बातें बताई,
तो वे यह सब जानकर
बहुत खुश हुए।
इसके बाद भास्कर
सर ने उनके समक्ष अनिमेष के पापा को विद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह के अवसर पर आमंत्रित
कर सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा। जिस पर प्रिंसिपल ने तुरंत सहमति दे दी।
-कल्याणमय आनंद
ईमेल :
kalyanmayanand@gmail.com
(साहित्य अमृत फरवरी,2023)



