Tuesday, 22 June 2021

लेख

 

 मानव सेवा के लिए समर्पित संस्था रेड क्राॅस                

बात जून 1859 की है । उन दिनों अल्जीरिया पर फ्रांस का अधिपत्य था। स्विट्जरलैंड के व्यापारी जीन हेनरी ड्यूनैंट अल्जीरिया में व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थापित करना चाहते थे। इसलिए वे फ्रांस के सम्राट नेपोलियन तृतीय से मिलने अल्जीरिया गये। लेकिन हेनरी को नेपोलियन से मिलने का अवसर नहीं मिला। इसलिए इटली चले गये। एक रात वे इटली के कास्टिलिओने द पिएवा नगर के सराय में  सोये हुए थे । अचानक  गोलीबारी की आवाज से उनकी नींद खुल गयी । यह सोल्फेरिनो के युद्घ के कारण होने वाली गोलीबारी थी। जब वे युद्ध स्थल पर पहुँचे तो वहाँ का दिल दहलाने वाला दृश्य देखकर बहुत दुखी हुए। क्षत-विक्षत लाशों का अंबार लगा हुआ था।उनपर चील,कौआ और गिद्ध मंडरा रहे थे। इस युद्ध की विभीषिका के दृश्य  ने उनके अंतर्मन को झकझोर कर रख दिया और उनकी जीवन दिशा ही बदल गयी। ऑस्ट्रिया और फ्रांस की सेना के बीच हुए इस युद्ध में तीन लाख से भी अधिक सैनिकों ने भाग लिया था। लगभग 40000 सैनिक मारे गये थे। हजारों सैनिक घायल हुए थे। इन घायल सैनिकों के लिए कोई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उनकी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्हें देखभाल के अभाव में भूख-प्यास से तड़पकर मरने के लिए छोड़ दिया गया था। उनकी कराह सुन कर हेनरी बहुत आहत हुए। उन्होंने स्थानीय लोगों में सेवा भावना जगा कर स्वयंसेवकों का एक दल बनाया। इस दल की सहायता से घायल सैनिकों को भोजन,पानी, चिकित्सा सुविधा आदि उपलब्ध करवाया।  उनके परिवार को पत्र लिखकर सूचित किया। घायल सैनिकों की सेवा सुश्रुषा के दौरान एक ऑस्ट्रियाई सैनिक का उपचार करने जा रहे हेनरी को एक स्त्री ने यह कह कर रोकने का प्रयास किया कि वह शत्रु सैनिक है। हेनरी ने उस स्त्री की ओर देख कर कहा,"शत्रु भी तो मनुष्य है।" हेनरी के इस कथन ने स्वयंसेवकों को अधिक ऊर्जा से घायल सैनिकों की सेवा करने हेतु प्रेरित किया। वे शत्रु और मित्र की भावना से मुक्त होकर सबकी सेवा में जुट गये।

        सोल्फेरिनो युद्ध के भयावह दृश्य ने उनके जीवन के उद्देश्य को बदल दिया था। वह व्यापार भूल कर एक ऐसे संगठन के निर्माण के बारे में विचार करने लगे जो युद्ध में घायल असहाय लोगों की नि:स्वार्थ भाव से सहायता करे। 1862 में उन्होंने सोल्फेरिनो के युद्ध पर आधारित पुस्तक "ए मेमोरी ऑफ सोल्फेरिनो" लिखी। उन्होंने इस पुस्तक में युद्ध के समय घायल तड़पते सैनिकों का सजीव और मार्मिक वर्णन किया। इसमें  युद्ध के दौरान घायल सैनिकों की सहायता हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाली एक तटस्थ संगठन के निर्माण सहित कई अन्य सुझावों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। जब यह पुस्तक यूरोप के प्रमुख राजनीतिज्ञों और सैन्य प्रमुखों के पास पहुँची तो हेनरी की राह कुछ आसान हुई। 9 फरवरी 1863 को जेनेवा पब्लिक वेल्फेयर सोसायटी की बैठक में हेनरी के सुझावों पर विचार करने हेतु एक कमिटी का गठन किया गया। इस कमिटी को "इंटरनेशनल कमेटी फॉर रिलीफ टू द उन्डेड" नाम दिया गया। 17 फरवरी 1863 को कमिटी की पहली बैठक में रेड क्राॅस की स्थापना पर सहमति बनी। अक्टूबर 1863 में इस कमिटी द्वारा आयोजित सम्मेलन में सोलह देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस प्रकार रेड क्राॅस का गठन हुआ। कमिटी के ही एक सदस्य गुस्तावे मोयनियर इसके प्रथम अध्यक्ष बने। रेड क्राॅस ने सफेद पट्टी पर लाल रंग के क्राॅस को चिह्न के रूप में अपनाने का निर्णय लिया। बाद में रेड क्राॅस ने रेड क्रिसेंट और रेड क्रिस्टल को भी सेवा समर्पित चिह्न के रूप में मान्यता दे दी। 

      आरंभ में रेड क्राॅस सशस्त्र हिंसा और युद्ध में पीड़ित लोगों के हितों की रक्षा के लिए काम करता था। बाद में इस संगठन ने महामारी, भूकंप,बाढ़,तूफान, सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदा में लोगों की सेवा कर अपने कार्य क्षेत्र को विस्तार दिया। इसके अतिरिक्त यह संगठन रक्तदान शिविर का आयोजन तथा जरूरतमंद लोगों तक समय पर रक्त पहुँचाने का कार्य करता है। कैंसर,एड्स, थैलेसीमिया,एनीमिया जैसी प्राणघातक बीमारियों से बचाव के लिए लोगों के बीच जागरुकता अभियान चलाता है । रेड क्राॅस का पहला महत्त्वपूर्ण योगदान 1870 में फ्रांस-परशिया युद्ध में था।इस युद्ध के दौरान रेड क्राॅस के स्वयंसेवकों ने लाखों पीड़ित एवं घायल लोगों को सुरक्षा तथा चिकित्सा सुविधा प्रदान की । प्रथम एवं द्वितीय विश्व युद्ध में भी रेड क्राॅस के स्वयंसेवकों ने नि:स्वार्थ भाव से घायलों तथा जरूरतमंद लोगों की सेवा की। विश्व का पहला ब्लड बैंक रेड क्राॅस की पहल पर ही अमेरिका के शिकागो शहर में स्थापित किया गया था । मार्च 1942 में विश्व का दूसरा तथा भारत का प्रथम ब्लड बैंक वर्तमान कोलकाता के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हाइजीन एंड पब्लिक हेल्थ में खोला गया था। इसके प्रबंधन एवं संचालन का उत्तरदायित्व रेड क्राॅस के स्वयंसेवकों के क॔धों पर था।

             आज रेड क्राॅस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। वास्तव में यह राष्ट्रीयता,धर्म,जाति, रंग,भाषा आदि की चिंता किये बगैर मानवता के आधार पर सेवा करने वाला संगठन है। मानवता, स्वतंत्रता, निष्पक्षता, तटस्थता, सार्वभौमिकता, स्वैच्छिकता और एकता इसके मौलिक सिद्धांत हैं।रेड क्राॅस का नारा है-“अपने अंदर के स्वयंसेवक  को पहचाने” । इसका मुख्यालय जेनेवा में है।विश्व भर में 192 राष्ट्रीय रेड क्रॉस एवं रेड क्रेसेंट सोसायटी हैं । ये सभी अपने-अपने देश में मानवीय आधार पर कार्य करते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर अंतरराष्ट्रीय रेड क्राॅस सोसायटी की सहायता करते हैं। 

         रेड क्राॅस के संस्थापक जीन हेनरी ड्यूनैंट का जन्म 8 मई,1828 को हुआ था। उनकी याद में 8 मई को पूरे विश्व में प्रति वर्ष रेड क्राॅस दिवस मनाया जाता है । पहली बार 8 मई,1948 को विश्व रेड क्राॅस दिवस मनाया गया था। 1901 में हेनरी ड्यूनैंट को उनके मानव सेवा के कार्यों के लिए पहला नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान किया गया था। संगठन के रूप में रेड क्राॅस को तीन बार 1917,1944 तथा 1963 में नोबेल शांति पुरस्कार मिला। 1920 में एक अधिनियम के तहत भारत में भारतीय रेड क्राॅस सोसायटी की स्थापना की गयी। पूरे भारत में इसकी 1100 जिला तथा उपजिला शाखाएँ हैं। भारतीय रेड क्राॅस सोसायटी का मुख्यालय नयी दिल्ली में है। आरंभ में भारत के उपराष्ट्रपति इसके अध्यक्ष होते थे। लेकिन 1994 में रेड क्राॅस एक्ट में संशोधन कर पदेन अध्यक्ष राष्ट्रपति तथा सचिव केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री को बनाने का प्रावधान किया गया। इसके स्वयंसेवकों ने कोरोना महामारी काल में भी संकटग्रस्त लोगों की पूरी निष्ठा और तत्परता से सहायता की। बिना किसी भेदभाव के निःस्वार्थ भाव से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रेड क्राॅस मानव सेवा की अपनी स्वस्थ  परंपरा को निरंतर समृद्ध करने का काम कर रहा है । 

  -कल्याणमय आनंद 

(बाल भारती, मई,2021)





Sunday, 20 June 2021

आलेख


               

              दुखद है योद्धा साधुओं का पीड़ित हो जाना 

हिन्दू जीवन, धर्म और संस्कृति को नष्ट करने के प्रयास की घटनाओं से इतिहास के पन्ने भरे पड़े हैं।यह आज भी विभिन्न रूपों में जारी है।सनातन संस्कृति के वाहक साधुओं के हत्या की बढ़ती घटनाएं ऐसे ही कुत्सित प्रयासों की कड़ी हो सकती हैं।केवल सरकार को दोष देने से कुछ नहीं होगा। समाज के प्रबुद्ध लोगों का भी उत्तरदायित्व बनता है कि वे साधुओं के जीवन की रक्षा हेतु अपनी विशेष भूमिका का निर्वाह करें।लेकिन हमारी आर्थिक हित को ही सब कुछ मानने वाली सोच हमें सांस्कृतिक गुलाम बना रही है ।हिन्दू संस्कृति पर हमले की घटनाओं को लगातार जन्म दे रही है।साधु-संतों की हत्या को हमारी निष्क्रियता, सांस्कृतिक उदासीनता, इतिहास से सबक न लेने की प्रवृत्ति और आर्थिक गुलामी से भी बल मिल रहा है।आज आर्थिक एवं सांस्कृतिक हितों के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता है।आर्थिक समृद्धि भले हमें बेहतर जीवन प्रदान करती है लेकिन सांस्कृतिक समृद्धि से ही हमारी अस्मिता अक्षुण्ण रहती है।आज पूरे देश में जिस प्रकार से साधुओं की निर्मम हत्या हो रही हैं,उसे अमानवीय और निंदनीय कह कर कर्तव्य की इतिश्री समझ लेना उचित नहीं है। इसे रोकने तथा साधुओं के जीवन की रक्षा हेतु सरकार और समाज द्वारा विशेष प्रयास किया जाना चाहिए।इसके नैतिक एवं मानवीय पक्ष के अतिरिक्त कई पहलू हैं।इसे समझने के लिए साधुओं के राष्ट्र और धर्म की रक्षा हेतु ऐतिहासिक बलिदान की पड़ताल आवश्यक है।

        इतिहास के पन्ने पलटने पर साधुओं द्वारा देश और धर्म की रक्षा हेतु बलिदान की कई घटनाएं मिलती हैं। हत्या, लूटपाट करते हुए जब अहमद शाह अब्दाली मथुरा से यमुना नदी पार कर गोकुल गया,तो सशस्त्र नागा साधुओं ने उसका मार्ग रोककर वीरतापूर्वक सामना किया। लगभग पाँच हजार नागा साधुओं और अहमद शाह अब्दाली के कई हजार सैनिकों के मध्य कड़ा संघर्ष हुआ। इस युद्ध में लगभग दो हजार नागा साधु वीरगति को प्राप्त हुए ।नागा साधुओं के वीरतापूर्ण युद्ध कौशल और अज्ञात दैवी प्रकोप के भय से घबरा कर अहमद शाह अब्दाली को गोकुल से बैरंग लौटना पड़ा था। इस प्रकार नागा साधुओं ने अपना बलिदान देकर भगवान श्रीकृष्ण की नगरी गोकुल और वहाँ के निवासियों के जीवन की रक्षा की थी।

सोलहवीं शताब्दी में बंगाल के मधुसूदन सरस्वती ने साधुओं को एकजुट कर हिन्दुओं की रक्षा की थी। वे अकबर के समकालीन थे। उन दिनों अक्सर मुस्लिम फ़कीरों के रूप में आक्रमणकारियों का झुंड साधु-संतों का नरसंहार कर देता था।चिंतित मधुसूदन सरस्वती ने अकबर से इस तरह की घटनाओं को रोकने का निवेदन किया। अकबर द्वारा कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर उन्होंने नागा साधुओं की सेना बनाकर संतों एवं धार्मिक स्थलों की रक्षा का दायित्व अपने कंधों पर लिया। ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर विलियम आर. पिंच ने अपनी पुस्तक "सोल्जर मंक एंड मिलिटंट साधुज" में इसका वर्णन किया है।1664 में क्रूर औरंगजेब ने जब वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर ध्वस्त करनी चाही,तो उसका सामना नागा साधुओं से हुआ।नागा साधुओं से परास्त औरंगजेब इतना भयभीत हो गया कि अगले चार वर्षों तक मंदिर की ओर दृष्टिपात करने का साहस नहीं जुटा सका।अंत में कपटपूर्ण नीति अपनाकर ही वह 1669 में दूसरी बार हमला करने में सफल हो पाया।काशी विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग की रक्षा हेतु लगभग 40000 नागा साधुओं ने वीरतापूर्वक जीवन का उत्सर्ग किया।जेम्स जी. लोख्तेफल्ड की पुस्तक "इलस्ट्रेटड इनसाइक्लोपीडिया आॅफ हिन्दू धर्म "में महानिर्वाण अखाड़ा के नागा साधुओं के हाथों औरंगजेब की मुगल सेना के विनाश का चित्रण मिलता है।इस पुस्तक में औरंगजेब के विरुद्ध नागा साधुओं के विजय और शौर्य को असाधारण बताया गया है।

एक और घटना है जो निजाम की कायरता तथा विश्वासघात और साधुओं के शौर्य का स्मरण कराती है। जूनागढ़ के निजाम से वहाँ की जनता त्रस्त थी। इससे आहत भैरव अखाड़ा के नागा साधुओं और निजाम की सेना के मध्य संघर्ष हुआ।पाँव उखड़ते देख निजाम ने संधि का प्रस्ताव रखा तथा साधुओं को भोज पर आमंत्रित किया। निजाम ने भोजन में विष देकर अधिकांश साधुओं की हत्या कर दी।भोजन करने से रह गये कुछ साधु किसी तरह से वहाँ से बच कर निकल पाए।इन बचे हुए साधुओं ने दूसरे अखाड़े में जाकर शरण ली।आज भैरव अखाड़ा को ही जूना अखाड़ा के नाम से जाना जाता है।

           "सन्यासी विद्रोह" भी ऐसी ही घटना है जिसमें आदिगुरू शंकराचार्य के अनुयायीयों ने संगठित होकर देश और धर्म की रक्षा हेतु ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध आंदोलन किया था। इस आंदोलन में अधिकांश गृहत्यागी सन्यासी थे। वे गाँव में राष्ट्रधर्म का अलख जगा कर लोगों को ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध जागृत और संगठित करने का काम करते थे। अंग्रेजों को भगाकर देश को स्वतंत्र करवाने हेतु बंगाल में आरंभ किया गया सन्यासियों का यह आंदोलन 1760 से 1800 ई॰ तक चला।सन्यासियों ने लोगों की सहायता से सेना बनायी और अवसर मिलते ही अंग्रेजों पर हमला कर देते थे।मार्च 1774 को इन विद्रोहियों ने मैमन सिंह जिले में सेनापति एडवर्ड की सेना को नेस्तनाबूत कर दिया।सेनापति एडवर्ड मारा गया और किसी तरह से उसकी सेना के बारह सैनिक बच निकलने में सफल हुए।इस तरह के हमलों से बंगाल का गवर्नर जनरल वारेन हेस्टिंग्स बौखला गया था। उसने विद्रोहियों की सहायता करने वाले कई किसानों को बीच गाँव में फाँसी दे दी।सन्यासियों की बर्बर तरीके से हत्या करवा कर इस विद्रोह का दमन किया। बंकिमचन्द्र चटर्जी का बहुचर्चित उपन्यास "आनंद मठ" इसी सन्यासी विद्रोह पर आधारित है।1857 के स्वाधीनता संग्राम में नागा साधुओं के योगदान का उल्लेख प्रसिद्ध इतिहासकार सर यदुनाथ सरकार की पुस्तक "नागा सन्यासियों का इतिहास " में मिलता है ।वे लिखते हैं कि 1857 के स्वाधीनता संग्राम में सन्यासी नागाओं ने नाना साहेब और झांसी की रानी की सहायता की थी। साधु-सन्यासी विभिन्न नगरों, गाँवों एवं छावनियों में घूम-घूम कर अंग्रेजों के विरुद्ध जनता को भड़काने का काम करते थे ।

      इस तरह की कई ऐतिहासिक घटनाएं हैं, जो राष्ट्र और धर्म की रक्षा हेतु साधुओं के बलिदान की गवाही देती हैं। साधुओं के हत्या की बढ़ती घटनाएं अस्वाभाविक प्रतीत होती हैं।यह किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा हो सकता है। ऐसे में सरकार और समाज का यह दायित्व बनता है कि साधुओं के जीवन की रक्षा हेतु विशेष उपाय करे। सरकार संत अत्याचार निरोधक अधिनियम बना सकती है जिसमें साधु-संतों के साथ दुर्व्यवहार करने अथवा उनकी हत्या करने पर कठोर दंड का प्रावधान हो। साधुओं का एक राष्ट्रीय रजिस्टर बनाया जाना चाहिए ताकि देश के किसी भी कोने में स्थित किसी भी साधु को संकट के समय शीघ्र सहायता मिल सके।साधुओं की निर्मम हत्या की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर आदि शंकराचार्य के मार्ग शास्त्र के साथ शस्त्र धारण करने की नीति का अनुसरण कर साधु स्वयं की एवं राष्ट्र तथा धर्म की रक्षा कर अपने गौरवशाली अतीत को पुनः महिमामंडित कर सकते हैं।

-कल्याणमय आनंद 



 

काव्य संसार

            न करे कोई उज्ज्वल भविष्य को   धूलधूसरित न करे कोई निस्सीम नभ की कामना पर घात न करे कोई नई उड़ान को आतुर...