एनी फ्रैंक : डायरी में जीवन का फलसफा
------------------------------------------------
वह नदी की तरह बनना चाहती थी। अप्रतिम,अविरल।सागर में विलीन होने की चिंता किए बिना।जिस तरह हर नदी की कोई न कोई कहानी होती है,उसी तरह वह स्वयं अपने जीवन की कहानी लिखना चाहती थी।ऐसी कहानी जिससे सबका भला हो।जिन्हें वह जानती थी उनका भी,जिन्हें नहीं जानती थी उनका भी।मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित वह कुछ ऐसा कार्य करना चाहती थी जो उत्कृष्ट और अविस्मरणीय हो।मरने के बाद भी लोगों के हृदय में जीवित रहे।लेकिन ऐसा हो न सका।उसे अल्पायु में ही इस दुनिया को अलविदा कहना पड़ा।लेकिन उसने एक डायरी लिखी।जिसे हिटलर और नाज़ियों द्वारा यहूदियों पर किए गए अत्याचार का महत्त्वपूर्ण दस्तावेज़ माना जाता है।नेल्सन मंडेला ने अपने कारावास काल में इसे पढ़ने से मनोबल मजबूत होने की बात कही थी।
यह लड़की थी एनी फ्रैंक।उसका जन्म जर्मन राज्य हेस के फ्रैंकफर्ट शहर में 12 जून,1929 को हुआ था।इसी शहर में पिता ऑटो फ्रैंक,माँ एडिथ फ्रैंक हाॅलैंडर और बड़ी बहन मार्गोट के साथ रहती थी।चार सदस्यों का फ्रैंक परिवार यहूदी था।मार्गोट और एनी फ्रैंक की आयु में मात्र तीन वर्ष का अंतर था लेकिन दोनों के व्यक्तित्व में काफी भिन्नता थी।एनी जिज्ञासु और चुलबुली स्वभाव की थी।वह अपने रचनात्मक कार्यों से लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में विश्वास रखती थी। जबकि मार्गोट गंभीर और शांत स्वभाव की मेधावी छात्रा थी।एनी फ्रैंक के पिता ऑटो फ्रैंक एक पारिवारिक बैंक के लिए काम करते थे।उनका परिवार खुशहाल और संपन्न था।उन सभी का जीवन अच्छा चल रहा था।लेकिन जर्मनी में हिटलर का उदय होने पर उनके जीवन पर संकट के बादल मँडराने लगे।उन दिनों जर्मनी गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुज़र रहा था।बेरोज़गारी चरम सीमा पर थी।हिटलर ने जर्मनी की सारी समस्याओं के लिए यहूदियों को उत्तरदायी ठहराना आरंभ कर दिया। जिससे वहाँ यहूदियों के साथ भेदभाव की घटनाएं अप्रत्याशित रूप से काफी बढ़ गईं।जर्मनी में यहूदियों के हालात लगातार बदतर होते जा रहे थे।
जनवरी 1933 में चुनाव के बाद जर्मनी का नेतृत्व हिटलर के हाथों में आ गया।वह जर्मनी का चांसलर बन गया।इसके बाद जर्मनी में यहूदियों का जीवन मुश्किलों से भर गया।यहूदी होने मात्र के कारण उन लोगों को नौकरी से निकला जा रहा था।यहूदियों के दुकानों का बहिष्कार किया जा रहा था।ऐसे में ऑटो फ्रैंक को लगा कि जर्मनी में रहना अब उनके लिए सुरक्षित नहीं है।भविष्य को लेकर चिंतित ऑटो फ्रैंक ने जर्मनी छोड़ने का निश्चय कर लिया।वह अपने परिवार सहित 1934 में नीदरलैंड के एम्स्टर्डम शहर चले आए।यहाँ उन्होंने पेक्टिन बनाने वाली कंपनी की शुरुआत की।पेक्टिन का उपयोग जैम बनाने में किया जाता था। धीरे-धीरे उन्हें अपनी कंपनी के व्यवसाय से अच्छी आय होने लगी।उस समय एनी फ्रैंक की आयु मात्र चार वर्ष थी।कुछ समय बाद वह अपनी बहन मार्गोट के साथ स्कूल जाने लगी। एनी का पढ़ाई में संतोषजनक प्रदर्शन था।वह नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी।कहानी लेखन एवं अभिनय में उसकी विशेष रुचि थी।बड़ा होने पर लेखक और अभिनेत्री के रूप में प्रसिद्ध होना चाहती थी।वह अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर मेहनत भी करती थी।उसकी प्रतिभा और लगन से सभी प्रभावित थे।
फ्रैंक परिवार एम्स्टर्डम में सुरक्षित अनुभव कर रहा था।क्योंकि वहाँ हिटलर का शासन नहीं था।वे एम्स्टर्डम मे प्रसन्नतापूर्वक रह रहे थे।लेकिन उनकी प्रसन्नता लम्बे समय तक टिकी न रह सकी। 10 मई,1940 को हिटलर की जर्मन सेना ने नीदरलैंड पर आक्रमण कर दिया।दोनों देशों के बीच भयंकर युद्ध हुआ। नीदरलैंड की सेना जर्मनी की सेना के सामने नहीं टिक सकी।अंततः नीदरलैंड को पराजय स्वीकार करनी पड़ी।नीदरलैंड पर हिटलर का आधिपत्य होते ही वहाँ भी जर्मनी की तरह यहूदियों पर तरह-तरह के अत्याचार किए जाने लगे।फ्रैंक परिवार एम्स्टर्डम में उसी तरह के संकट से घिर गया था,जिससे बचने के लिए उनलोगों ने जर्मनी छोड़ा था।यहूदियों पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए गए।उन्हें नौकरी करने,सिनेमाघर,स्विमिंग पुल, पार्क आदि में प्रवेश की अनुमति नहीं थी।यहूदी बच्चों के लिए अलग स्कूल थे, वे केवल उन्हीं में पढ़ने के लिए जा सकते थे।यहूदियों को पहचान के लिए अपने कपड़े पर पीला सितारा लगाना होता था।धीरे-धीरे यहाँ यहूदियों की स्थिति नारकीय रूप धारण करती जा रही थी।यहूदियों को पकड़ कर कंसंट्रेशन कैंप (यातना शिविर) ले जाया जाने लगा। वहाँ उन्हें तरह-तरह की यातना देकर मार दिया जाता था।लेकिन फ्रैंक परिवार के लिए अब यहाँ से पलायन कर कहीं और जाना संभव नहीं था।इसका एक कारण यह भी था कि हिटलर के भय से कई देशों ने यहूदियों को शरण देने से मना कर दिया था।हिटलर के सैनिकों द्वारा यहूदियों की जाँच-पड़ताल तथा धर-पकड़ ने भी उनके जीवन की समस्याओं को जटिल बना दिया था।
वे लोग एम्स्टर्डम में स्थित एक इमारत की ऊपरी मंज़िल पर बने अपार्टमेंट में छिपकर रहने लगे।इस इमारत को बाद में "सीक्रेट एनेक्स" नाम दिया गया।उनके साथ एक दंत चिकित्सक सहित चार अन्य लोग भी रहते थे।वहाँ रहने वाले सभी यहूदी थे। उनके कुछ स्थानीय मित्र थे,जो छिप कर उन्हें भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री पहुँचाते थे।वे लोग जिस इमारत में रहते थे,उसके नीचे मसाले की फैक्टरी थी।जिसमें बहुत सारे मज़दूर काम करते थे।उनके काम करने का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक था।वे लोग प्रतिदिन मज़दूरों के जाने की प्रतीक्षा करते थे।जब तक अंतिम मज़दूर नहीं चला जाता,वे कोई काम नहीं कर सकते थे।वे लोग इस अवधि में अपने-अपने स्थान पर मूर्ति की तरह शांत और स्थिर बने रहते थे।बहुत आवश्यक होने पर फुसफुसा कर बात करते थे। क्योंकि थोड़ी सी आहट से भी मज़दूरों को उनके बारे में पता चल सकता था। उन लोगों ने खिड़कियों को भी परदों से अच्छी तरह ढँक दिया था।ताकि उन्हें कोई देख न पाए।उन्हें यह आशंका थी कि उनके यहाँ होने की सूचना नाज़ियों तक पहुँच गई तो वे उन सभी को पकड़ कर यातना शिविर में भेज देंगे।
12 जून,1942 को एनी की तेरहवीं जन्मतिथि थी। इस दिन उसे बहुत सारे उपहार मिले थे।उनमें एक लाल रंग की डायरी भी शामिल थी। डायरी के रूप में एनी को एक सच्चा दोस्त मिल गया था,जिससे वह अपने मन की बातें साझा कर सकती थी। उसने डायरी को किट्टी नाम दिया।जब भी उसे अवसर मिलता वह अपनी भावनाओं को डायरी में लिखकर अभिव्यक्त करती।आरंभ में डायरी लेखन को लेकर वह थोड़ी आशंकित थी।शायद तेरह वर्षीय बालिका के विचारों में किसी की रुचि न हो।लेकिन इससे विचलित हुए बिना उसने लिखा- "मुझे इससे कोई अंतर नहीं पड़ता।मेरी लिखने की इच्छा है और मुझे अपने दिल से बातों के बोझ को कम करना है।कागज़ में लोगों से अधिक धीरज होता है।मैं तब तक लिखती रहूँगी जब तक मुझे कोई सच्चा दोस्त नहीं मिल जाता।" यह सच है कि एनी का कोई सच्चा दोस्त नहीं था। यही वह कारण था जिसने उसे डायरी लिखने के लिए प्रेरित किया।वह अपने विचारों को तब तक डायरी के पन्नों पर अंकित करती रही,जब तक क्रूर नाज़ियों ने उसे बंदी बना कर उससे यह अवसर छीन नहीं लिया।
4 अगस्त, 1944 सीक्रेट एनेक्स में रह रहे सभी आठ लोगों के लिए मनहूस दिन था। किसी ने उनके यहाँ छुपे होने की सूचना हिटलर की नाज़ी सेना को दे दी थी। उन लोगों को पकड़ कर अलग-अलग बंदी शिविर में भेज दिया गया।वहाँ उनसे कठोर शारीरिक श्रम वाले काम करवाये जाते थे।नाज़ियों द्वारा उनका उत्पीड़न किया जाता और उचित मात्रा में भोजन भी नहीं दिया जाता था।ऑटो फ्रैंक को छोड़कर अन्य सभी की बंदी शिविर में असामयिक मृत्यु हो गई। बर्गेन-बेल्सन कंसंट्रेशन कैंप में एनी फ्रैंक की मृत्यु टाइफस बीमारी और भुखमरी के कारण हो गई। उस समय उसकी आयु मात्र 15 वर्ष थी।द्वितीय विश्व युद्ध में जब जर्मनी को करारी हार मिली तो लोगों ने राहत की साँस ली।बंदी शिविर में जीवित बचे लोगों को छुड़ा लिया गया।मृतकों में एनी फ्रैंक और मार्गोट का भी शव था। सभी मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।सीक्रेट एनेक्स में बिखरे सामानों से प्राप्त एनी फ्रैंक की डायरी को सौभाग्य से जीवित बचे उसके पिता ऑटो फ्रैंक ने प्रकाशित करवाया। 1947 में एनी फ्रैंक की डायरी “द सीक्रेट एनेक्स” नाम से पुस्तक रूप में प्रकाशित हुई।बाद में इसका नाम बदलकर "एनी फ्रैंक: डायरी ऑफ ए यंग गर्ल" कर दिया गया।लोग एक किशोरी के मनोभावों को पढ़कर अचंभित रह गए।इसकी एक करोड़ से भी अधिक प्रतियाँ बिकी । आसमान छूने के सपने देखने वाली लड़की की दारुण दास्तान सबको द्रवित कर गया।एनी की डायरी अब तक सत्तर से अधिक भाषाओं में अनूदित हो चुकी है।यह विश्व की प्रसिद्ध पुस्तकों में से एक है।
दरअसल एनी फ्रैंक की डायरी में केवल हिटलर और नाज़ियों द्वारा यहूदियों पर किए गए अत्याचार का ही वर्णन नहीं है बल्कि इसमें मानवीय मूल्यों से युक्त विशुद्ध जीवन दर्शन भी है।बाल सुलभ सरलता और वैचारिक परिपक्वता के कई प्रसंग एक साथ एनी फ्रैंक की डायरी में मिल जाएंगे।ऐसा प्रतीत होता है मानो घर बनाने का खेल खेलते-खेलते किसी बच्चे ने सचमुच का घर बना दिया हो,जिसे प्रकृति का प्रकोप भी डिगा नहीं सकती।जो सर्वकालिक और सार्वभौमिक हो।एनी ने अपनी डायरी में लिखा- "आप कुछ न कुछ तो हमेशा दे सकते हैं भले वह थोड़ी सी दया ही हो"। असमानता, जातीय विसंगतियों, त्रासदियों वाले भयाक्रांत वातावरण में भी ऐसा केवल एनी ही लिख सकती थी।क्योंकि वह मुक्त हृदय वाली संवेदनशील, भावुक और निष्कपट लड़की थी।उसकी डायरी अत्यंत विषम परिस्थितियों में भी समस्त आशंकाओं को दरकिनार कर साहस और आशा के साथ भविष्य के सपने बुनने की प्रेरणा देती है।अपनी स्वतंत्रता की कल्पना कर उसने डायरी में लिखा-"अब जब मुझे छोड़ दिया गया है, युद्ध के बाद मेरी पहली इच्छा डच नागरिक बनने की है। मुझे डच से प्यार है। मुझे इस देश से प्यार है।मुझे इस भाषा से प्यार है और मैं यहाँ काम करना चाहती हूँ। मैं तब तक हार नहीं मानूँगी जब तक कि मैं अपने लक्ष्य तक नहीं पहुँच जाती। मैं पेरिस और लंदन में एक साल बिताना चाहूँगी और भाषाओं को सीखना तथा कला के इतिहास का अध्ययन करना चाहूँगी।"
एनी जिजीविषा से भरी एक उत्साही और महत्त्वाकांक्षी इरादों वाली लड़की थी।हिटलर का क्रूर दमन चक्र भी उसे भविष्य के सुनहरे सपनों की उड़ान भरने से रोक न सका।हालाँकि एनी को नहीं बख़्शा गया।उसे भी बंदी शिविर में अन्य यहूदियों की तरह दुःख, दर्द और अत्याचार सहने पड़े।अंततः उसकी मृत्यु हो गई। लेकिन डायरी लिखते समय उसने स्वयं के स्वतंत्र होने की कल्पना कर ली।उसने अपने मनोभाव को व्यक्त करते हुए लिखा-“मैं परेशानियों के बारे में नहीं सोचती हूँ,बल्कि उन अच्छे पलों को याद करती हूँ जो अभी बाकी है। मैं उन औरतों जैसा जीवन जीने के बारे में सोच भी नहीं सकती,जो अपना काम करती रह जाती हैं और भूला दी जाती हैं। मैं इस तरह का जीवन जीना नहीं चाहती जैसा कि अधिकतर लोग जीते हैं। मैं ऐसा जीवन जीना चाहती हूँ जिससे दूसरे लोगों का भला हो,उनका भी जिनसे मैं कभी नहीं मिली। मैं मरने के बाद भी लोगों के दिलों में जीवित रहना चाहती हूं।“ उसका व्यक्तित्व प्रतिकूल परिस्थिति में ही नहीं बल्कि जीवन पर संकट हो,तो भी सफलता के सपने देखने और धैर्यपूर्वक सहज भाव से उसकी योजना बनाने के लिए प्रेरित करता है। एनी का वैचारिक दृष्टिकोण मानवीय चेतना की समग्रता का बोध कराता है। गुप्त रूप से साथ में रहने वाले लोगों के साथ होने वाले प्रतिदिन के अनुभव, स्कूल की खट्टी-मीठी यादें,स्वयं के सपने और बाहर चल रहे मौत के तांडव के साथ डायरी में एनी की जीवन और परिस्थिति के विभिन्न आयामों पर गहरी तथा सशक्त समझ की अनुगूँज स्पष्ट सुनाई देती है।मनुष्य जीवन की सार्थकता स्वयं के साथ-साथ सबके हित का भाव रखने में है।एनी की डायरी में यह भाव स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है। घृणा और हिंसा के माहौल में वह जिस प्रकार दया,प्रेम और करुणा की वकालत करती है,वह अद्भुत है।अल्पायु में उसकी सकारात्मकता तथा आशावादी दृष्टिकोण उसे विशिष्ट बनाती है। जिसके लिए वह हमेशा याद की जाती रहेगी।बढ़ती असहिष्णुता,घृणा और हिंसा के माहौल में एनी फ्रैंक की डायरी को किसी खास व्यक्ति,समाज अथवा देश को नहीं बल्कि पूरी दुनिया को पढ़ने की जरूरत है।
- कल्याणमय आनंद
ईमेल : kalyanmayanand@gmail.com
(मासिक गौरवशाली भारत ,सितम्बर,2023)
(मासिक विशुद्ध स्वर,अगस्त 2023)
(सृजन कुंज त्रैमासिक)