हाइटेक किसानों की हेकड़ी
अब तो पानी सर के ऊपर चला गया है। किसान जींस पहन रहे हैं, फॉर्च्यूनर गाड़ी में घूम रहे हैं । भला किसान ऐसे होते हैं ? यह तो उनकी स्थापित छवि के विरुद्ध है । उन्हें तो चिंता से कातर हलाकान होना चाहिए । चेहरा मुरझाया हुआ हो, जिस पर स्थायी रूप से बारह बज रहे हों । लेकिन इनकी मजाल तो देखो । जो सदियों से याचक रहे,वे आँखें तरेर रहे हैं । अधिकार और हित के बहाने आग उगल रहे हैं । गनीमत है ऐसे किसान एक खास क्षेत्र में हैं। अगर पूरे देश के किसान ऐसे हो गये, तो क्या होगा ? एलीट क्लास का तो सारा रुतबा ही समाप्त हो जाएगा । ठीक है,अन्न उपजाते हैं जिससे जीवन चलता है ।श्रम करते हैं, खून-पसीना बहाते हैं । अरे ! नेता, अभिनेता, सरकारी बाबू से लेकर काॅल गर्ल तक सभी श्रम करते हैं । कोई तो ढ़िढ़ोरा नहीं पीटता, फिर किसान क्यों ? जबकि दिनभर खेत-खलिहान में काम करने के बाद शाम में गाँव की मंडली जमाकर मस्ती में भजन-कीर्तन करने लग जाते हैं । वास्तव में यह मस्ती नहीं, काहिली छुपाने के लिए किया जाने वाला व्यर्थ का उपक्रम है। वहीं दूसरे लोग दिन-रात काम कर भी क्लब-पार्टी के खर्चे और भोग-विलास के सारे संसाधन नहीं जुटा पाते। सच पूछा जाए तो समस्या इनके चीखने-चिल्लाने से नहीं है । समस्या इनमें से कुछ की बढ़ती संपन्नता से है। यदि सभी किसान संपन्न हो गये,तो एलीट क्लास को कौन पूछेगा ? एक समस्या और है । किसान का बेटा किसान नहीं बनना चाहता । अभी तो मजबूरी में बन भी जाता है । लेकिन यदि सभी किसान सही मायने में संपन्न हो गये, तो फिर इनके बच्चे खेती बिल्कुल छोड़ देंगे । वे पढ़ने-लिखने लगेंगे ।अब यह तो सर्वविदित है कि जमीनी आदमी जब सही अर्थों में पढ़-लिख लेता है, तो वह सभी के लिए सरदर्द बन जाता है । देश में आकार ले रहे इस नये सरदर्द को रोकने का प्रयास करना अथवा ऐसे प्रयासों का समर्थन करना प्रत्येक जागरूक नागरिक का पुनीत कर्तव्य है ।
यह बताने की आवश्यकता नहीं है कि जग ने किसानों को हमेशा सम्मान दिया । साहित्य हो या कला हमेशा सकारात्मक छवि प्रस्तुत की । बदले में इन्होंने उलाहना ही दिया । एक नंबर के एहसानफरामोश।"एक किसान था। वह खेती कर अन्न उपजाता था लेकिन उसे तथा उसके बच्चों को अक्सर भूखा सोना पड़ता था ।" इस तरह की सैकड़ों कहानियाँ लिखी गयी हैं । यदि किसान संपन्न हो गये तो उनका क्या होगा ? कौन पढ़ेगा ? किसानों को दुःखी, गरीब, शोषित, पीड़ित दिखा कर जो फिल्में बनीं हैं, उन्हें कौन देखेगा ? वे तो किसी झंडू टीवी चैनल पर भी प्रसारित नहीं हो पायेंगी । 1953 में फिल्म "दो बीघा जमीन " के माध्यम से विमल राय ने तत्कालीन समाज में किसानों की जो सच्ची तस्वीर रुपहले पर्दे पर दिखायी,उसे आज का किसान क्यों खंडित करना चाहता है । दीन हीन, दयनीय स्थिति वाला किसान फिल्म के लिए मसाला होता है।जींस, फाॅर्च्यूनर वाले किसान पर कोई कैसे फिल्म बनाये ? यह तो दुरूह कार्य है । लेकिन इन किसानों को फिल्मकारों के इस संकट की कोई चिंता ही नहीं है ।
देश ने अन्नदाता, भूमिपुत्र जैसे संबोधन से सम्मानित किया । लेकिन इन्हें जरा भी परवाह नहीं । पूरी दुनिया में देश के साख पर बट्टा लगा रहे हैं । आखिर ये चाहते क्या हैं ? पेरू की तरह यहाँ भी खेतिहर कामगारों को दो-ढ़ाई लाख रुपये मासिक वेतन दे दिया जाय ? जब पेरू सरकार इतना कुछ करके इन्हें खुश नहीं कर पायी,तो क्या गारंटी है कि इनकी बात मान लेने से ये खुश हो जायेंगे और भविष्य में परेशान नहीं करेंगे । दरअसल इनकी जात ही ऐसी है जरा सा कुछ हुआ नहीं कि लगे हाय तौबा मचाने । भीषण ठंड में चर्चाओं का बाजार गर्म कर देते हैं।राजनीतिक तापमान बढ़ा देते हैं । अरे ! हम भी तो गप्प की खेती करते हैं । कभी अच्छे परिणाम आते हैं, तो कभी बुरे । लेकिन हमने तो कभी शिकायत नहीं की फिर तुम क्यों ?
हम इन्हें छप्पन भोग खिलाना चाहते हैं लेकिन ये लाठी खाना चाहते हैं । इनका हाजमा खराब है लेकिन स्वयं को स्वाभिमानी दिखाना चाह रहे हैं ।यह नाटक नहीं चलने वाला,इनकी कलई खुल चुकी है। हमने सम्मान दिया,तो स्वयं को हमारे समान समझने लगे । संभवतः ऐसा इसलिए है कि इन लोगों ने डार्विन के विकासवाद का सिद्धांत नहीं पढ़ा। सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट यानि योग्यतम की उत्तरजीविता । शक्तिशाली की ही जीत होती है । संस्कृत में भी कहा गया है 'देवो दुर्बलघातकः' अर्थात भगवान के लिए भी दुर्बल ही मारे जाते हैं।बकरी की बलि दी जाती है, शेर की नहीं । यदि बड़े पूंजीपति इनके अस्तित्व को मिटा कर अपना प्रभुत्व स्थापित करना चाहते हैं, तो अटपटा क्या है ? यह तो सदियों से होता आ रहा है । प्रकृति का यही नियम है । बड़ी मछली छोटी मछली को चट कर जाती है । अब इस पर इतना बवाल क्यों ?
शंकर भगवान की बात अलग है । उन्होंने हठ छोड़ दिया था । श्रम के प्रति निष्ठा को देख कर पिघल गये। शंख बजाकर बारिश करवा दी । जिससे किसान गदगद हो गये थे । लेकिन किसानों को पता नहीं है कि दुनिया कलयुग को पार कर भटयुग में पहुँच चुकी है । भटयुग यानि जिसमें मनुष्य स्वयं तो भटकाव की स्थिति में रहता ही है, दूसरों को भी भटकाते रहता है । कभी निरुद्देश्य तो कभी सोद्देश्य । गोल-गोल भटकते हुए इन हाइटेक किसानों की हेकड़ी ठंडी हो जायेगी । भटयुग के शंकर न पिघलेंगे और न ही बचायेंगे ।
-कल्याणमय आनंद