Tuesday, 7 February 2023

शब्द (कविता)

 

      शब्द


शब्द में असीम शक्ति होती है
यह नहीं होता है
केवल वर्णों का मेल
इसका निश्चित अर्थ होता है
शब्दों का उचित संयोजन
प्रेम सिखाता है
आशान्वित करता है
विश्वास जगाता है
मानवीय रिश्तों को
सकारात्मक दृष्टिकोण देता है
सुरक्षा का एहसास कराता है
यह दूर तलक फैले मरूस्थल में
अमृत की बूँद के समान होता है
नयी उड़ान के लिए
पंख सरीखा होता है
सपनों को पूरा करने का
मार्ग प्रशस्त करता है
बनकर प्रेरणा पुंज
इतना ही नहीं
शब्द निरंकुश सत्ता को
उखाड़ फेंकने का सामर्थ्य रखता है
घनघोर अंधियारे में भी
दीपक की तरह जगमगाता है
विध्वंसकारी प्रभंजन को भी
चुनौती दे सकता है
लेकिन
जब शब्द बिक जाता है, तो
इसके विपरीत हो जाता है
अपना अर्थ और शक्ति खो देता है
बन जाता है
बाज़ार में बिकने वाले
प्रेमरहित शरीर की तरह
जिसमें नहीं होता है
समर्पण,आत्मीयता एवं विश्वास
और करने लगता है
प्रेम तथा बंधुत्व का आहरण
क्रूरता का महिमामंडन
जन्म देने लगता है विद्वेष
भटकाने लगता है राह
रौंद डालता है
करुणा के घरौंदों को
दमन करने लगता है
शोषित-पीड़ित स्वर को
ऐसे में समाप्त हो जाता है
सत्य-असत्य, न्याय-अन्याय,
चाटुकारिता-आत्मसम्मान,
स्वतंत्रता-परतंत्रता का अंतर
 
और अंततः हो जाता है
लोकतंत्र का अदृश्य अपहरण
इसलिए बचाना जरूरी है
शब्द को बिकने से
उसके वास्तविक अर्थ के साथ ।

-कल्याणमय आनंद



(मासिक हिमप्रस्थ जनवरी,2023)


No comments:

Post a Comment

काव्य संसार

            न करे कोई उज्ज्वल भविष्य को   धूलधूसरित न करे कोई निस्सीम नभ की कामना पर घात न करे कोई नई उड़ान को आतुर...