Tuesday, 20 October 2026

काव्य संसार

 

         न करे कोई

उज्ज्वल भविष्य को  धूलधूसरित न करे कोई
निस्सीम नभ की कामना पर घात न करे कोई

नई उड़ान को आतुर पक्षियों के पर कतरकर
जीवित संभावनाओं  को मृतवत न करे कोई

अन्यायी दमन चक्र  के  विरुद्ध उठे  प्रघोष में
व्याकरण ढूँढ़ने की अब हिमाकत  न करे कोई

उत्पीड़न से  उपजी चीख  के  मर्म को भूलकर
शब्द अपशब्द का लेखा संकलित न करे कोई

खुलेआम युवा सपनों की नृशंस हत्या करके
रहनुमा की फूहड़ छवि विज्ञापित न करे कोई

मासूम को बलात क्षमा याचना हेतु विवशकर
क्षमाशील होने का स्वाँग प्रस्तुत  न करे कोई

विद्यालय के जर्जर, बदहाली के पैगाम को
कैसे संभव है कि उसे  हस्तगत  न करे कोई

तानाशाही पथ पर अग्रसर  होने से पहले
तानाशाहों के हश्र को विस्मृत न करे कोई
- कल्याणमय आनन्द
ईमेल : kalyanmayanand@gmail.com


(प्रेरणा अंशु अक्टूबर,2026)

No comments:

Post a Comment

काव्य संसार

            न करे कोई उज्ज्वल भविष्य को   धूलधूसरित न करे कोई निस्सीम नभ की कामना पर घात न करे कोई नई उड़ान को आतुर...