Tuesday, 20 October 2026

बाल कविता


  वीर उधम सिंह

बचपन में माता-पिता  खोया
पर न खोया वह आत्माभिमान
अनाथालय में  हुई  परवरिश
पर प्रदीप्त रखा राष्ट्राभिमान

भूला रुदन और सब संताप
पर न भूला देश का अपमान
देख जालियावाला बाग का 
क्रूर, अमानवीय रक्तस्नान

ली शपथ, उठा मिट्टी वहाँ की
हरेगा दुष्ट  डायर  का  प्राण     
दृढ़निश्चयी उधम सिंह था वह 
भारत माँ का  सच्चा संतान

जतनकर जब वह पहुँचा लंदन
तब चप्पा-चप्पा मारा छान
एक सभा में देख डायर को
उसने तुरत बंदूक दी तान

कर्मवीर  ने  चलायी  गोली
डायर हुआ तत्क्षण निष्प्राण
पराक्रमी उधम सिंह ने किया
ब्रिटिश सत्ता को कंपायमान


फाँसी पर जब चढ़ा उधम सिंह
मुखड़े पर थी अविजित मुसकान
सुन  समस्त  भारतवासियों ने
किया उसके शौर्य का जयगान

-कल्याणमय आनंद
ईमेल : kalyanmayanand@gmail.com


("बाल भारती"मासिक दिसम्बर,2024)


("देवपुत्र" मासिक जुलाई,2025)



No comments:

Post a Comment

काव्य संसार

            न करे कोई उज्ज्वल भविष्य को   धूलधूसरित न करे कोई निस्सीम नभ की कामना पर घात न करे कोई नई उड़ान को आतुर...