फिर भी वह खिलखिलाता है
************************
परास्त कर सारे प्रभंजन
भूल कंटक राह की चुभन
काम में रत हो जाता है
फिर भी वह खिलखिलाता है।
बर्फीली हवा की सिहरन
झुलसाती लू की थपेड़न
इनसे खुद
को बचाता है
फिर भी वह खिलखिलाता है ।
याद कर माँ का सजल नयन
बहन का मुरझाया आनन
सारे तंज बिसराता है
फिर भी वह खिलखिलाता है ।
पढ़ने के लिए मचले मन
पर करता इच्छा का दमन
उठती टीस सहलाता है
फिर भी वह खिलखिलाता है ।
क्यों है व्याकुल, शप्त बचपन
जगत का यह कैसा नियमन
युक्ति नहीं नजर
आता
है
फिर भी वह खिलखिलाता है ।
पाता है भले कम वेतन
पर काम में लगाता लगन
नहीं एक पल गँवाता है
फिर भी वह खिलखिलाता है ।
कर्तव्य को बना
संबलन
श्रमगीत का करता गायन
संगत नहीं मिल पाता है
फिर भी वह खिलखिलाता है ।
-कल्याणमय आनंद
(मासिक हाॅटलाइन ,फरवरी,2023)



No comments:
Post a Comment